ब्रेकिंग न्यूज़

सभी प्रकोष्ठ प्रभारी आपसी समन्वय से मतदान कार्योंं की तैयारियां पूरी करें-मेहता

बीकानेर, 14 सितम्बर।  जिला निर्वाचन अधिकारी नमित मेहता ने कहा कि पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठ प्रभारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सभी तैयारियां पूर्ण करें। 
मेहता ने जिले में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव को सुगमता एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक चैबंद करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
मेहता सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 
निर्वाचन संबंधी समस्त कार्यों का नियमित सुपरविजन किया जाए, ताकि जहां भी कमियां दिखें, उन्हें दूर कर मतदाताओं को मतदान के लिए बेहतर सुविधाएं व वातावरण उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमण करते रहें। 
उन्होंने मतदान केन्द्रों में सभी व्यवस्थाओं, मतदान दल प्रशिक्षण, मतदान दल रवानगी स्थल तथा वाहनों की उपलब्धता के बारे में प्रकोष्ठ प्रभारियों से जानकारी लीे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों को इवीएम व वीवीपैट मशीन के साथ ही चुनाव से जुड़ी संपूर्ण सामग्री उनके बैठने के स्थान पर ही उपलब्ध हो जानी चाहिए, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहलेे ही कर ली जाएं। 
उन्होंने कहा कि मतदान के पश्चात पोलिंग पार्टियां देर रात तक पाॅलिटेक्निक काॅलेज में इवीएम व वीवीपैट मशीन जमा करवाने के लिए पहुंचेंगी, ऐसे में पाॅलिटेक्निक काॅलेज में पर्याप्त रोशनी, पेयजल तथा काउन्टर की व्यवस्था की जाए, जिससे मतदान दलों को ईवीएम जमा करवाने में कोई परेशानी न हो।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के प्रति आमजन में जागरूकता के लिए स्वीप गतिविधियों के माध्यम से ईवीएम-वीवीपैट की जानकारी देने के लिए सधन अभियान चलाया जाए और ईवीएम-वीवीपैट का डैमो भी दिया जाए, जिससे कि ग्रामीण मतदाता वीवीपैट के बारे में और बेहतर तरीके से जान सके। पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में वीवीपैट का पहली बार प्रयोग किया जा रहा है, ऐसे में स्वीप के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को गुणात्मक रूप से कार्यप्रणाली के बारे में बताया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कंट्रोल रूम प्रभावी तरीके से कार्य करता रहे, 24 घंटे जिम्मेदार अधिकारी व कार्मिक नियंत्रण कक्ष में स्थापित टेलीफोन 0151-2201490 पर उपस्थित रहें। इन नंबंरों पर आम व्यक्ति द्वारा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत तथा पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकता है, ऐसे में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी के पास समस्त सूचनाएं रहें, यह सुनिश्चित किया जाए।
कोविड-19 के तहत मिलेंगे मास्क इत्यादि

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायत चुनाव के लिए मतदान दल में जो सदस्य तथा अन्य अधिकारी कार्मिक जाएंगे उन सबको प्रशिक्षण के अंतिम दिन रवानगी के समय मास्क, साबुन, सैनिटाइजर और हैंड गल्ब्स दिए जाएंगे। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान ही सभी अधिकारियों कर्मचारियों को बूथ मैनेजमेंट कोविड-19 किस तरह करना है इसकी जानकारी भी दी जाएगी । पहली बार कोरोना के चलते चुनाव हो रहे हैं ऐसे में डब्ल्यूएचओ द्वारा जारी गाइडलाइन की पालना मतदान केंद्र में हो, इसकी जानकारी भी सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दौरान दी जाएगी।

प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी करें संयुक्त भ्रमण
जिला मजिस्ट्रेट व जिला निर्वाचन अधिकारी मेहता ने कहा कि सभी उपखंड अधिकारी अपने- अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारी के साथ भ्रमण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके क्षेत्र में कौन-कौन से मतदान केंद्र संवेदनशील है व कौन से अति संवेदनशील है। दोनों अधिकारी संयुक्त रूप से मतदान दलों की चिन्हीकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाग लेने वाले सभी पीठासीन अधिकारी रिटर्निंग अधिकारी और मतदान अधिकारी अपने बैंक का विवरण, जिसमें बैंक खाता संख्या, आई एफ एस सी कोड, बैंक का नाम तथा बैंक की शाखा का नाम प्रशिक्षण के समय आवश्यक रूप से साथ लेकर आएं ताकि चुनाव कार्य में लगे कार्मिकों को यात्रा भत्ते बिल का भुगतान समय पर ऑनलाइन कर दिया जावे।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ए.एच.गौरी, वेटरनरी विश्वविद्यालय कुलसचिव अजित सिंह राजावत, नगर निगम आयुक्त मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) सुनिता चैधरी, मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी विकास हर्ष, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद नरेन्द्र पाल सिंह, जिला परिवहन अधिकारी जे.के.माथुर, मुख्य वित्त नियंत्रक एसपी मेडिकल काॅलेज संजय धवन सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी उपस्थित थे।

No comments