ब्रेकिंग न्यूज़

किसी भी स्कूल के तय दायरे में तम्बाकू उत्पाद नहीं बिकने चाहिए..., सख्त कार्रवाई करो - संभागीय आयुक्त नीरज के पवन

उमेश कुमार मोदी/सिटी एक्सप्रेस/बीकानेर
बीकानेर । संभागीय आयुक्त नीरज के पवन का कहना है कि बीकानेर संभाग में किसी भी स्कूल के तय दायरे में तम्बाकू उत्पाद नहीं बिकने चाहिए। कोई ऐसा करता पाया जाए तो सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। 
संभागीय आयुक्त आज होटल बीकालाल, पंचशती सर्किल बीकानेर में स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने  एकजुट हो, समन्वय और जी-जान से कार्य करते हुए विभाग को मिले लक्ष्य को हासिल का आह्वान किया। कार्यशाला में संभाग स्तर पर शुरू हुए नवाचार "मन्सा" यानि कि मिशन अगेंस्ट नारकोटिक्स सब्सटेंस एब्यूज पर भी मंथन जारी है।
अधिकारी राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे तंबाकू मुक्त राजस्थान अभियान की 100 दिवसीय कार्य योजना के अंतर्गत आगे की रणनीति तय कर रहे हैं। कार्यशाला को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ जितेंद्र कुमार सोनी ने वीडियो कांफ्रेंस द्वारा संबोधित किया। 
संयुक्त निदेशक एवं राज्य नोडल अधिकारी तंबाकू नियंत्रण डॉ एसएन धौलपुरिया के मुताबिक तंबाकू के विरुद्ध मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा द्वारा महत्वाकांक्षी अभियान शुरू किया गया है जिसके अंतर्गत 31 मई 2022 यानी कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस के दिन पूरे राजस्थान को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित करवाने का संकल्प लिया गया है।
 स्वयंसेवी संस्थान एसआरकेपीएस के सहयोग से आयोज्य इस कार्यशाला में बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश, बीकानेर कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल सहित संभाग के चारों जिलों के कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक योगेश यादव सहित चारों जिलों के एसपी, संयुक्त निदेशक बीकानेर जोन डॉ देवेंद्र चौधरी, एसआरकेपीएस से समाजसेवी राजन चौधरी, 
सीएमएचओ डॉ बी एल मीणा सहित चारों जिलों के सीएमएचओ, जिला शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमएचओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला आईईसी समन्वयक, जिला तंबाकू प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि आदि आमंत्रित किये गये हैं।

No comments