ब्रेकिंग न्यूज़

राष्ट्रीय स्तरीय रैंकिंग चैम्पियनशिप में राजस्थान के स्केटर्स ने जीते 15 पदक।

बीकानेर, 30 अगस्त, 2022। जोधपुर में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय स्तरीय रैंकिंग चैम्पियनशिप में राजस्थान के स्केटर्स ने तीन गोल्ड, नौ सिल्वर तथा तीन ब्रांज मेडल प्राप्त करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। राजस्थान स्केट एसोसिएशन के सचिव योगेन्द्र खत्री ने बताया कि इस प्रतियोगिता में बीकानेर के स्केटर दिनेश कड़वासरा ने तीन गोल्ड मेडल, जयपुर के स्केटर्स कुशांग ने दो सिल्वर,
 हर्षा बरडिया ने एक सिल्वर और आयुष ने एक ब्रॉज मेडल, हनुमानगढ़ की वंशिका ने एक सिल्वर, आयुष ने एक सिल्वर एक ब्रॉज, प्रियंका ने एक ब्रॉज, भीलवाड़ा से किरण कंवर ने दो सिल्वर एक ब्रॉज मेडल, उदयपुर की निहारिका ने एक ब्रॉज मेडल जीत कर राजस्थान और अपने शहर का नाम रोशन किया। चैम्पियनशिप का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जोधपुर महाराज श्री गजसिंहजी ने किया। 
भारतीय रोलर स्केटिंग महासंघ के अध्यक्ष तुलसीराज अग्रवाल, महासचिव नरेश कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष भागीरथजी विशिष्ट अतिथि थे। इस प्रतियोगिता के चीफ रेफरी पी.के. सिंह तथा कमेटी के चेयरमेन संदीप भटनागर, कार्यकारी सचिव अजीत सिंह राठौड़ के निर्देशन में प्रतियोगिता अन्तर्राष्ट्रीय मानक अनुसार सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। महासंघ के महासचिव नरेश कुमार शर्मा ने कहा कि खेलों का हमारे जीवन में अत्यन्त महत्वपूर्ण स्थान है। सरकार द्वारा भी अब स्केटिंग खेल को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। राजस्थान के स्केटर्स भी उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय प्रदर्शन कर रहे हैं। इन सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ।

No comments