दीपावली पर पटाखों से झुलसे 76 लोग, 24 घंटे सेवा में जुटी रही अल मदद वेलफेयर सोसायटी l
बीकानेर, 10 नवंबर। दीपावली के त्योहार पर आतिशबाजी के दौरान बरती गई लापरवाही के चलते बीकानेर में झुलसने के कुल 76 मामले सामने आए। इनमें छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। पटाखों और बारूद से हुए हादसों में कई लोगों के हाथ, चेहरा, सिर, आंखें, पैर और गला प्रभावित हुए।इन मुश्किल परिस्थितियों में अल मदद वेलफेयर सोसायटी, बीकानेर के सेवादारों ने मानवता और सेवा भावना का परिचय देते हुए लगातार 24 घंटे अपनी सेवाएं दीं। सोसायटी के सदस्यों ने पिछले 3-4 दिनों तक घायलों को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने, पीड़ितों और उनके परिजनों के लिए जल सेवा, चाय सेवा तथा अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य किया।
सोसायटी के इस सेवा अभियान में पीबीएम अस्पताल प्रशासन, जिला पुलिस प्रशासन और अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
अस्पताल प्रशासन का जताया आभार
अल मदद वेलफेयर सोसायटी ने इस सेवा कार्य में सहयोग देने वाले पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी. सी. घीया, प्रिंसिपल डॉ. परमिंदर सिरोही, ट्रॉमा सेंटर के डॉ. बी. एल. खजोटिया एवं डॉ. एल. के. कपिल सहित अस्पताल प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया।
सेवा में जुटे रहे सोसायटी के सेवादार
इस सेवा अभियान में ताहिर हुसैन, रमजान अली, सद्दाम हुसैन, मोहम्मद शफी, मोहम्मद आबिद राठौर, शेर मोहम्मद, मोहम्मद रफीक, बबलू खान, अब्दुल रशीद, मोहम्मद रफ़ी खान, मोनू मिस्त्री, वसीम खान, सांवर राईका, मोहम्मद उमर, समीर खान, आदिल, पुखराज सोनी, इदरीश समेजा, देवेंद्र भाई और अकबर अली सहित अन्य सेवादारों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
सावधानी के साथ मनाएं त्योहार
सोसायटी ने आमजन से अपील की कि त्योहार खुशियों और उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को पटाखों से दूर रखें, आतिशबाजी के दौरान आंखों और चेहरे की सुरक्षा का ध्यान रखें तथा किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाएं। सोसायटी ने कहा कि जरूरतमंद की मदद करना ही सच्ची मानव सेवा है।




No comments