ब्रेकिंग न्यूज़

ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का छठा दिनराउमावि आईजीएनपी कॉलोनी की छात्राओं ने वीडियो संदेश से की ई-कचरा प्रबंधन की अपीलदीपावली पर स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बीकानेर, 6 नवंबर 2026। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के छठे दिन ई-कचरा प्रबंधन एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। दीपावली अवकाश के दौरान भी विद्यार्थियों ने घर से पोस्टर, शपथ एवं वीडियो संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सहभागिता निभाई।
विद्यालय की छात्राओं सीता चौधरी एवं अंजू बिश्नोई ने वीडियो संदेश जारी कर आमजन से ई-कचरे का उचित प्रबंधन करने की अपील की। छात्राओं ने संदेश दिया कि दीपावली की सफाई के दौरान पुराने मोबाइल, चार्जर, बैटरी तथा अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में न मिलाएं। इन्हें अलग एकत्र कर अधिकृत ई-कचरा संग्रहण केंद्र अथवा अधिकृत पुनर्चक्रण संस्था को सौंपें। जहां संभव हो, उपकरणों की मरम्मत एवं पुनः उपयोग को प्राथमिकता दें।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में छात्रा सीता चौधरी को बालिका दिवस के अवसर पर बालिका फाउंडेशन एवं समग्र शिक्षा के अंतर्गत जिला स्तर पर उनकी वीर रस की कविताओं के लिए सम्मानित किया गया था। पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनका जागरूकता संदेश अन्य विद्यार्थियों को भी सामाजिक सरोकारों से जुड़ने की प्रेरणा देता है।
प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध के मार्गदर्शन एवं उपप्राचार्य गणेश चौधरी के सहयोग से आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपने परिवारजनों को भी जागरूक किया। पोस्टरों एवं संदेशों के माध्यम से दीपावली पर स्वच्छता के साथ जिम्मेदार उपभोग, संसाधनों की बचत तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।
वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास का गतिविधियों में अनुशासन एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में विशेष सहयोग रहा। ई-कचरे को कम करने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा उन्हें निर्धारित स्थान पर एकत्र करने के अनुशासन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष विधानी ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच समन्वय स्थापित कर जागरूकता संदेशों के प्रचार-प्रसार में योगदान दिया। इस प्रयास से अवकाश के दौरान भी विद्यार्थियों की सहभागिता बनी रही और पर्यावरण संरक्षण का संदेश परिवारों तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में मंजुल मुकुल वर्मा, शमीम बानो, मनीता, रजनी गुर्जर एवं शिशांक मिश्रा का सहयोग रहा। समस्त विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए आमजन से स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की।
ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का समापन 7 नवंबर को होगा। विद्यालय परिवार ने सप्ताह के दौरान अपनाई गई अच्छी आदतों को वर्षभर जारी रखने और पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया।

No comments