पर्यावरण दिवस पर प्रकृति से जुड़ा एनआरसीसी
बीकानेर 05.06.2021 । आज भाकृअनुप-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र, बीकानेर में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर केन्द्र के निदेशक डाॅ0 आर्तबन्धु साहू के साथ एनआरसीसी परिवार ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण का कार्य सम्पन्न किया। इस पौधरोपण कार्यक्रम के अन्तर्गत केन्द्र की डेयरी इकाई परिसर के आस-पास के क्षेत्र में नीम के पौधे लगाए गए।
डाॅ0 आर्तबन्धु साहू ने केन्द्र के अधिकारियों/कर्मचारियों को विश्व पर्यावरण दिवस के इस पुनीत अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधों से जहां वातावरण शुद्ध होता है वहीं सबसे बड़ा लाभ यह है कि परिवर्तित जलवायु में वैश्विक तापवृद्धि (ग्लोबल वार्मिंग) के बढ़ते प्रभाव को कम करने में ये महत्वपूर्ण रूप से सहायक हैं।
डाॅ0 साहू ने पेड़ों से मिलने वाली आॅक्सीजन तथा उनके द्वारा कार्बन डाइआॅक्साइड के अवशोषण, पर्यावरणीय संतुलन एवं जैव विविधता के संरक्षण आदि महत्वपूर्ण पहलुओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि मानव समाज, प्राकृतिक
आपदाओं को रोकने हेतु प्रकृति के साथ और अधिक संवेदनशीलता का रूख अपनाएं, हमें घर-आंगन/खाली पड़ी भूमि आदि में पेड़ लगाकर सच्चे अर्थाें में प्रकृति से जुड़ना चाहिए। निदेशक ने केन्द्र के अनुसंधान कार्याें में गति लाने के साथ-साथ
पर्यावरण की ओर भी अपना उद्देष्य स्पष्ट करते हुए इस मानसून के दौरान लगभग 1000 पेड़-पौधे लगाकर क्षेत्र के विकास व इनकी भलीभांति वृद्धि संबंधी कार्य-योजना पर भी संक्षिप्त में प्रकाश डाला।
इस दौरान कार्यक्रम समन्वयक श्री एम.के.राव, प्रभारी कृषि वानिकी इकाई द्वारा सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।




No comments