माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा राईकाबाग स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का राष्ट्र को समर्पण
माननीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री भारत सरकार श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के राई का बाग पैलेस जंक्शन पर आयोजित समारोह में राई का बाग पैलेस स्टेशन की नवीनीकृत बिल्डिंग, फुट ओवर ब्रिज तथा प्लेटफॉर्म नंबर 1 व 2 पर 02 लिफ्टों का राष्ट्र को समर्पण किया गया।
इस अवसर पर महापौर जोधपुर (दक्षिण)-सुश्री वनिता सेठ, सांसद (राज्यसभा)-श्री राजेंद्र गहलोत, पाली सांसद-श्री पी. पी. चौधरी, विधायक सूरसागर (जोधपुर)-श्रीमती सूर्यकान्ता व्यास, भाजपा प्रदेश महामंत्री-श्री भजन लाल शर्मा, जोधपुर भाजपा जिला अध्यक्ष-श्री देवेन्द्र जोशी, महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे श्री विजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी व आमजन भी उपस्थित रहे।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट शशि किरण के अनुसार राई का बाग पैलेस स्टेशन पर आयोजित समारोह में कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि माननीय रेल मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि सम्मानित मंच एवं जोधपुर वासियों ने जो मांगें रेलवे संबंधी रखी है, उन्हें शीघ्र ही पूरा किया जायेगा। मेरा प्रयास है कि भारतीय रेल में प्रत्येक यात्री के चेहरे पर मुस्कान हो एवं प्रत्येक व्यक्ति को रेलवे स्टेशन साफ-सुथरा, सुरक्षित एवं ट्रेनें सुविधाजनक मिले। राष्ट्र प्रथम-सर्वदा प्रथम की भावना के साथ रेलवे को आगे ले जाने का कार्य किया जायेगा। माननीय मंत्री जी ने कहा कि आज अधिकांश रेल लाइनों का विद्युतीकरण किया जा चुका है एवं शेष बचा कार्य तेजी से चल रहा है। रेल के विद्युतीकरण से आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना साकार हो पायेगी।
जोधपुर मण्डल में लूणी-समदडी, समदडी-भीलडी, जोधपुर-लूणी, फुलेरा-मेडता आदि रेलखण्डों का वि़द्युतीकरण आगामी एक साल में पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि समर्पित माल गलियारा (डेडिकेटेड फ्रेट कोरीडोर) का कार्य बड़ी तेजी से चल रहा है एवं जनवरी, 2021 में विद्युतीकृत लाइन पर 1.5 किलोमीटर लम्बी डबल स्टैक कंटेनर ट्रेन चलाकर भारतीय रेलवे ने इतिहास रचा है।
माननीय रेलमंत्री ने कहा कि मुम्बई से अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का कार्य बड़ी तेजी से चल रहा है, इसी प्रकार पूरे भारत में 300 प्रमुख शहरों को हाई स्पीड गलियारे से जोड़ा जायेगा। भारतवर्ष में 150 स्टेशनों का पुर्नविकास किया जायेगा, जिसमें राजस्थान के 08 स्टेशनों (जोधपुर, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, उदयपुर, अजमेर, जैसलमेर, आबूरोड एवं बीकानेर) को प्रथम फेज में विकसित किया जायेगा। उन्होंने अन्त्योदय पर जोर देते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति/परिवार को फायदा मिले एवं सभी लोगों का सर्वांगीण विकास हो, इसी सोच के साथ कार्य किया जायेगा।
कार्यक्रम में माननीय मंत्री जी ने महिला सशक्तिकरण को बढावा देते हुए महिला रेलकर्मियों से यात्री सुविधाओं का राष्ट्र को समर्पण करवाया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबन्धक श्री विजय शर्मा ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया एवं राष्ट्र को समर्पित की गई यात्री सुविधाओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में मण्डल रेल प्रबन्धक जोधपुर सुश्री गीतिका पांडे ने सभी आगन्तुक अतिथियों एवं आमजन का धन्यवाद ज्ञापित किया।








No comments