आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर दिया उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन l
श्रीडूंगरगढ़।क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा को सौंपे ज्ञापन में लिखा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लंबे समय से विभिन्न विभागीय ऑफलाइन कार्य के साथ ऑनलाइन कार्य भी करवाया जा रहा है।
इन कार्यों के लिए विभाग द्वारा एक साधारण मोबाइल फोन दिया हुआ है।उससे कनेक्टिविटी के अभाव में सभी ऑनलाइन कार्य ईमित्रों के माध्यम से चार्ज देकर करवाना पड़ता है।इन कार्यों के लिए गत सात से उचित मानदेय या रिचार्ज भी नहीं दिया जा रहा है।इसके अलावा महिला अधिकारिता विभाग का कार्य उनसे जबरन करवाया जा रहा है जो कि हमारा कार्य नहीं है। आंगनबाड़ी केंद्र के निर्धारित कार्यों के अलावा अनेकों कार्य करवाने पर उनका मानदेय भी नहीं दिया जा रहा है। वहीं जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभाग के द्वारा विद्युतीकरण करवाया गया था,उनके बिजली बिलों का भुगतान भी गत दो साल से नहीं किया जा रहा है।केंद्रों के बिल वे स्वयं अपने अल्प मानदेय में से भुगतान कर रही हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए निर्धारित ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन अवकाश भी उन्हें नहीं दिए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि कार्य की सुगमता के लिए 5G मोबाइल अथवा टैबलेट,अतिरिक्त कार्य का भुगतान एवं दोनों ऋतुओं का अवकाश प्रदान करवाएं ताकि कुछ राहत मिल सके।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस सम्बन्ध में स्थानीय महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती चंद्रप्रभा शर्मा को भी ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की।इस अवसर पर माया शर्मा,प्रेमलता मोयल,मंजू कस्वां,ज्योति गोदारा,मंजू स्वामी,कलावती मारु,मोहिनी स्वामी,प्रेमलता पांडिया, पाना गुर्जर,सुमन दर्जी, रेणु सिखवाल, हरकू देवी स्वामी,जसोदा, सन्नू देवी सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रही।




No comments