बीकानेर एवं श्रीगंगानगर कृषि खण्ड में कम पानी की जरूरत वाली फसलों के लिए कंटीजेंसी क्रॉप प्लान तैयार करने के निर्देश
जयपुर, 1 अक्टूबर। कृषि विभाग ने नहरी पानी की सीमित उपलब्धता के मध्यनजर बीकानेर एवं श्रीगंगानगर कृषि खण्ड में कम पानी की जरूरत वाली फसलों को प्राथमिकता देते हुए संभाव्य कृषि कार्य योजना (कंटीजेंसी क्रॉप प्लान) तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं।
कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अनुसार इस साल पौंग, रणजीत सागर एवं भाखड़ा नांगल डेम में गत वर्षों की तुलना में पानी की कम उपलब्धता है। इसे देखते हुए पेयजल के लिए पानी आरक्षित करने के बाद सिंचाई के लिए सीमित पानी की उपलब्धता रहेगी।कृषि मंत्री ने आकस्मिक कृषि कार्य योजना एवं सिंचाई के लिए पानी की कम उपलब्धता के बारे में विभाग की ओर से आयोजित किए जाने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रशासन गांवों के संग अभियान तथा विभिन्न प्रचार-प्रसार माध्यमों से किसानों को अधिक से अधिक जानकारी देने और कार्य योजना को अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। कटारिया ने किसानों से भी विभागीय सलाह के मुताबिक अपेक्षाकृत कम पानी की जरूरत वाली फसलें बोने की अपील की है।
ऋणी किसान अलग फ़सल बोने की सूचना सम्बन्धित बैंक को अवश्य दें कृषि मंत्री ने किसानों से कहा है कि बैंक से जिस फसल के लिए ऋण लिया है, उससे अलग फ़सल बोने पर 15 दिसम्बर तक उसकी लिखित में सूचना सम्बन्धित बैंक को अवश्य दें। इससे बीमा उसी फ़सल का होगा जो वास्तव में बोई गई है, जिससे बीमा क्लेम मिलने में कोई दिक्कत नहीं हो। उन्होंने कहा कि बीमित फसल और वास्तविक बोई गई फसल में फर्क होने पर बीमा क्लेम नहीं मिल पाएगा।
प्रशासन गांवों के संग और प्रशासन शहरों के संग अभियान प्रारम्भ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े जनप्रतिनिधि-अधिकारी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तर पर प्रशासन गांवों के संग और प्रशासन शहरों के संग अभियान का शुभारंभ कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम से बीकानेर जिला मुख्यालय पर राजीव गांधी सेवा केन्द्र में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से खाजूवाला विधायक गोविंद राम मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारी महिया, जिला प्रभारी सचिव आलोक गुप्ता और जिला कलक्टर नमित मेहता, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ए.एच.गौरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बी.आर. धोजक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अरूण प्रकाश शर्मा कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी नगरीय क्षेत्रों तथा ग्राम पंचायत स्तर तक ईमित्र प्लस के माध्यम से इसका लाइव प्रसारण किया गया। आमजन ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर भी इसका अवलोकन किया।









No comments