ब्रेकिंग न्यूज़

वरिष्ठ शिक्षकों व केआरपी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आरम्भ

जयपुर, 2 मार्च। नई शिक्षा नीति- 2020 के अनुसरण में शिक्षा विभाग तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में वरिष्ठ शिक्षकों व मुख्य सन्दर्भ व्यक्तियों (केआरपी) के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को राजा पार्क स्थित होटल रमाड़ा में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ समग्र शिक्षा के उपायुक्त श्री मुकेश मूंड ने किया।
 श्री मूंड ने कहा की इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 200 से अधिक केआरपी को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को समुदाय को शिक्षा से जोड़कर बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए संचालित योजनाएं व सुविधाएं, बच्चाें के साथ कार्य करते समय प्रभावी
 एवं साहौद्रपूर्ण संवाद हेतु ध्यान रखने योग्य बिंदु, अभिभावक, शिक्षक, संस्थाप्रधान व समुदाय के कर्तव्य, विद्यालय के विकास हेतु एसएमसी एवं एसडीएमसी द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में जागरूक किया जाएगा। 
भाग लेने के उपरांत सभी प्रतिभागी अपने ब्लॉक एवम जिलों में जाकर वॉलिंटियर को प्रशिक्षित करेंगे जो शिक्षा के प्रचार प्रसार हेतु जनसहयोग से विभिन्न गतिविधियों का संचालन करेंगे। 
उन्होंने कहा की इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शिक्षा के प्रसार हेतु सामुदायिक जुड़ाव तंत्र विकसित करना, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना, ड्रॉप आउट दर कम करना, बच्चों का शिक्षा से जुड़ाव मजबूत करना एवं विद्यालयों में व घर पर आदर्श शैक्षिक वातावरण का निर्माण करना है।

No comments