लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बीकानेर आएंगे
बीकानेर। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला अगले महीने बीकानेर आएंगे। वे बीकानेर सैन समाज की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्धाटन करने के लिए बीकानेर आएंगे। बीकानेर सैन समाज शिव वैली स्थित फ्लोरल हॉस्पिटल के सहयोग से सर्व समाज के लोगों के लिए घुटना ऑपरेशन शिविर आयोजित करेगा। शिविर का उद्घाटन करने के लिए बतौर मुख्य अतिथि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को आमंत्रित किया गया है।
इस निशुल्क शिविर में 100 लोगों के घुटनों का दूरबीन पद्धति से ऑपरेशन किया जाएगा। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक हड्डियों की जांच, परामर्श व इलाज करेंगे। शिविर के संयोजक शम्भू मारू अतुल ने बताया कि इस शिविर में डा. पंकज मोहता अपनी टीम के साथ सेवाएं देंगे।
इस अवसर पर खून की जांच, एक्सरे की सुविधा, एक्सरे की सॉफ्टकॉपी, घुटने के दर्द के मरीजों की पीआरपी थेरेपी आदि की सुविधा निशुल्क रहेगी। कुल 100 मरीजों का ही पंजीयन किया जाएगा। इस शिविर में मरीजों व उनके परिजनों के लिए चाय-पानी-भोजन के साथ अल्पाहार की व्यवस्था बीकानेर सैन समाज की तरफ से की जाएगी।




No comments