ब्रेकिंग न्यूज़

ऊर्जा मंत्री ने किया उप तहसील हंदा का शुभारंभ, राजकीय महाविद्यालय भवन का शिलान्यास उपतहसील बनने से 1 लाख 39 हजार हैक्टेयर क्षेत्र के लोगों को मिलेगी राहत।


बीकानेर, 20 अक्टूबर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने गुरूवार को हदां में नई उपतहसील का उद्घाटन और नए कॉलेज भवन का शिलान्यास किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हदां के उपतहसील बनने से आस-पास के लोगों को राजस्व सुविधाएं मिलने में समय और धन की बचत हो सकेगी। इससे क्षेत्र के 1 लाख 39 हजार हैक्टेयर क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सकेगी।
क्षेत्र को लोगों को बधाई देते हुए श्री भाटी ने कहा कि अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अब कोलायत नहीं जाना पड़ेगा। राजस्व केस के निपटारे भी शीघ्र हो सकेंगे। श्री भाटी ने इसके लिए अधिकारियों व पटवारियों से संवेदनशीलता से आमजन के काम करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्धता से काम कर ही है। उपतहसील कार्यालय शुरू होने से 51 गांवों को राजस्व संबंधी कार्यों की सुविधा मिलेगी और श्रीकोलायत तहसील कार्यालय का कार्यभार भी हल्का होगा।
भाटी ने हंदा स्थित उप तहसील के नए कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उप तहसील कार्यालय के शुरू होने पर यहां आवागमन सुविधा और विकसित हो सकेगी।इस उपतहसील के तहत 51 गांव है, 9 पटवार मंडल व 3 भूअभिलेख निरीक्षक वृत और 14 ग्राम पंचायतें हैं। उन्होंने बताया कि इस उप तहसील का कुल एरिया 1 लाख 39 हैक्टेयर है। उन्होंने कहा कि हदां ग्राम आस-पास की 20 ग्राम पंचायतों का केन्द्र बिन्दू है।
कॉलेज भवन के शिलान्यास करते हुए श्री भाटी ने कहा कि हदां में कॉलेज खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने कोलायत विधानसभा क्षेत्र में गत् वर्षों में शिक्षा,उच्च शिक्षा, सड़क, विद्युत, चिकित्सा और पेयजल के हुए बड़े कार्यों को दोहराते हुए कहा कि आगमी बजट में भी कोलायत विधानसभा क्षेत्र के शेष बड़े विकास कार्य स्वीकृत करवाएं जायेंगे।
*भामाशाह का अभिनन्दन*- ऊर्जा मंत्री ने हंदा कॉलेज के लिए साढे आठ बीघा भूमि दान करने
वाले भामाशाह हनुमंत सिंह व लादू सिंह का साफा पहनाकर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भामाशाहों के सहयोग से चिकित्सा, शिक्षा व उच्च शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं और मजबूत करने में मदद मिली है। गांव के ही हनुमंत सिंह व लादू सिंह ने दान की परम्परा का अनुसरण करते हुए क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। इनका दान समाज के सामने उदाहरण है, इनसे प्ररेणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मोहन दान, झंवर लाल सेठिया, उच्छव कंवर, हरि सिंह सियाणा, देशनोक नगर पालिका अथ्यक्ष ओम प्रकाश मूंधड़ा, महेन्द्र सिंह, कवि विजय, लॉ कॉलेज की सहायक प्रोफेसर पूजा छीपा, रूपाराम मेघवाल, जिला परिषद सदस्य मदन चौहान ने हदां में कॉलेज का शिलान्यास और उप तहसील का शुभारंभ करने के ऊर्जा मंत्री का आभार जताया।
राजकीय कॉलेज के नोडल प्राचार्य व लॉ कॉलेज बीकानेर के प्रिसिंपल डा. भगवाना राम विश्नोई ने बताया कि हदां कॉलेज में वर्तमान में कला वर्ग में 200 व विज्ञान संकाय में 176 विद्यार्थी अध्यनरत है।
इस अवसर पर एस डी एम प्रदीप कुमार चाहर, बीडीओ दिनेश सिंह भाटी, प्रधान पुष्पा देवी, कॉपरेटिव अध्यक्ष मेघराज बिस्सा, सरपंच हंदा सुशीला देवी सुथार, तहसीलदार सुभाष मीना, खेमाराम मेघवाल, माधोदान, सी बी ई ओ मूलसिंह, सायर कंवर, उच्छव कंवर,
अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग राजेन्द्र सिंह मीना, अधिशासी अभियंता विद्युत बी आर के रंजन, उम्मेद सिंह भाटी उपस्थित रहे। संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।

No comments