ब्रेकिंग न्यूज़

राजस्थान में पीएम मोदी का I.N.D.I.A पर हमला, सीकर में दी सौगात।

सीकर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस और उसकी जमात उन फ्रॉड कंपनियों की तर्ज पर काम कर रही है जो एक कांड कर के नाम बदल कर दूसरे नाम से नया कांड कर सके। मोदी ने ‘इंडिया’ गठबंधन की तुलना इस्ट इंडिया कंपनी से करते हुए कहा कहा- अगर, उन्हें इंडिया की चिंता होती तो विदेश जाकर भारत की निंदा करते क्या। अगर, इन्हें इंडिया की चिंता होती तो क्या ये सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते। अगर, इन्हें इंडिया की चिंता होती तो क्या ये गलवां में सैनिकों की शहादत पर सवाल पूछते। मोदी ने सीकर में 9 करोड़ किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि के 17 हजार करोड़ रुपये जारी किए हैं। पीएम प्रणाम योजना और किसान समृद्धि केंद्र की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन कर सात का शिलान्यास भी किया। वे बोले राजस्थान में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। पेपर लीक उद्योग चल रहा है। राजस्थान के युवा काबिल हैं, लेकिन यहां की सरकार उनके भविष्य को बर्बाद कर रही है। यहां सत्ताधारी दल के लोगों पर ही पेपर लीक माफिया होने का आरोप लग रहा है। युवाओं को पेपर लीक माफिया से बचाने के लिए कांग्रेस को हटाना ही होगा।राजस्थान के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार पैसे भेज रही है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, 10 साल में राजस्थान को टैक्स की हिस्सेदारी के रूप में 1 लाख करोड़ ही दिए गए थे। बीते 9 साल में भाजपा सरकार ने टैक्स हिस्सेदारी के रूप में राजस्थान को 4 लाख करोड़ से ज्यादा दिए हैं। जब केंद्र में 10 साल कांग्रेस की सरकार थी तब राजस्थान को सेंट्रल ग्रांट के रूप में भी करीब 50,000 करोड़ ही दिए गए थे, हमारी सरकार ने 9 साल में सेंट्रल ग्रांट के तौर पर राजस्थान को 1.5 लाख करोड़ से ज्यादा दिए हैं।

No comments