आज निकलेगी भगवान महावीर की सवारीचिंतामणि जैन मंदिर में होगी विशेष आरती व दीपमाला।
बीकानेर, 26 नवम्बर। श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के तत्वावधान में कार्तिक पूर्णिमा 27 नवम्बर सोमवार को भुजिया बाजार के प्राचीन चिंतामणि जैन मंदिर से भगवान महावीर की सवारी सुबह साढ़े नौ बजे निकलेगी। मंदिर में सुबह सात बजे स्नात्र पूजा, सवा आठ बजे ध्वजारोहण, शाम को 108 दीपकों की शाम साढ़े बजे आरती होगी।श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष निर्मल धारीवाल ने बताया प्रत्येक रविवार को विभिन्न जिनालयों में ज्ञानवाटिका के बच्चों व उनके अभिभावकों से स्नात्र पूजा के लिए प्रेरित करने वाले पवन पारख, ज्ञान सेठिया व सुनिता नाहटा,कनिका बोथरा के नेतृत्व में चिंतामणि जैन मंदिर में स्नात्र पूजा की जाएगी।
श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास मंत्री चन्द्र पारख ने बताया कि चिंतामणि जैन मंदिर से भगवान महावीर की सवारी रवाना होकर नाहटा चौक के भगवान आदिनाथजी, शांतिनाथजी मंदिर, गोलछा, खजांची, रामपुरिया-राखेचा मोहल्ला, आसानियों के चौक के भगवान महावीर स्वामी मंदिर, बांठियों का चौक, सिपानी मोहल्ला, कपड़ा बाजार, सुपारी बाजार, बच्छावतों का मोहल्ला,डागा, झाबक मोहल्ला होते हुए गोगागेट के बाहर गौड़ी पार्श्वनाथ मंदिर पहुंचेगी।
गौड़ी पार्श्वनाथ में सवारी का पड़ाव 27 व 28 नवम्बर को रहेगा। गौड़ी पार्श्वनाथ मंदिर में 28 नवम्बर को सुबह साढ़े नौ बजे बड़ी पूजा होगी। बुधवार 29 नवम्बर को सुबह साढ़े नौ बजे गौड़ी पार्श्वनाथ से सवारी पुनः रवाना होकर विभिन्न जैन बहुल्य मोहल्लों से होते हुए आरंभिक स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी। शोभायात्रा में विभिन्न भजन मंडलियां लोक व फिल्मी गीतों की तर्ज पर आधारित भक्ति गीत पेंश करेंगी। चांदी की भगवान की चांदी की पालकी, कल्पवृक्ष, भगवान महावीर के आदर्शों से संबंधित तेल चित्र शामिल होंगे।
बीकानेर में जैन मुनि व साध्वी वृंद के चातुर्मास का समापन चतुर्दशी यानी 26 नवम्बर को होगा। मुनि व साध्वीवृंद कार्तिक पूर्णिमा के दिन 27 नवम्बर को स्थान परिवर्तन करेंगे। हिन्दुस्तान में बीकानेर व कोलकाता में ही कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान की सवारी निकलती है।




No comments