ब्रेकिंग न्यूज़

नीराम और सीताराम के लिए राहत लाया ग्राम उत्थान शिविर मल्टी क्रॉप थ्रेसर पर मिली 2 लाख पच्चीस हजार रुपए की सब्सिडी मुख्यमंत्री का जताया आभार l

बीकानेर, 6 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर आयोजित किए जा रहे ग्राम उत्थान शिविरों में ग्रामीणों को राहतभरी खुशियां मिल रही हैं।कृषि सहित विभिन्न योजनाओं का हाथोंहाथ लाभ पा किसान प्रसन्नचित हैं।
श्रीडूंगरगढ़ के गिरदावर सर्किल आडसर में शुक्रवार को आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में भी ऐसा दृश्य देखने को मिला, जब शिविर में आए प्रगतिशील किसान मुनीराम मेघवाल और सीताराम मेघवाल को कृषि यंत्र पर प्राप्त अनुदान प्राप्त होने पर उनके चेहरे पर संतोष का भाव दिखा।
मुनीराम व सीताराम को राज्य सरकार की 'कृषि यंत्र योजना' के तहत मल्टी क्रॉप थ्रेसर पर 2.25-2.25 लाख रुपए के अनुदान की राशि मिली। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा एवं राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। 
मुनीराम व सीताराम ने कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से कृषि यंत्र योजना के तहत मल्टी क्राप थ्रेसर सब्सिडी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन करने के बाद उनके खातेदारी के खेत व ट्रेक्टर का प्री-वेरिफिकेशन हुआ और कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत अनुदान की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई।
प्रशासनिक स्वीकृति के बाद दोनों ने पंजीकृत अनुबंधित कृषि यंत्र विक्रेता से मल्टी क्राप थ्रेसर खरीद की। विभागीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन पश्चात वित्तीय स्वीकृति के आदेश जारी हुए और उन्हें सब्सिडी राशि मिली।सहायक निदेशक (उद्यान) मुकेश गहलोत ने बताया कि उन्नत कषि यंत्रों के उपयोग से समय व श्रम की बचत होती है। कृषि यंत्र खरीदने पर सामान्य कृषकों को मूल्य का अधिकतम 40 प्रतिशत तक अनुदान देय है। वहीं लघु, सीमांत, महिला, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के किसानों को मूल्य का 50% तक अनुदान देय है।

ग्राम उत्थान शिविर में सहायक कृषि अधिकारी श्रीराम जाखड, कृषि पर्यवेक्षक अरविंद माली व बनवारी लाल सैनी सहित प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

No comments