निजी कर्मचारी पर आराेप,जानबूझकर राेकी 50 घराें की पेयजल सप्लाई, गोपालसर के ग्रामीणों ने टंकी पर चढ़कर जताया विराेध l
गोपालसर गांव में पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर गांव के शिव मंदिर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए और खाली बर्तनों के साथ जलदाय विभाग के अभियंताओं के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
ग्रामीण भानीसिंह भाटी ने बताया कि पिछले 15 दिनों से जलदाय विभाग के एईएन और जेईएन से लगातार संपर्क कर उन्हें अपनी समस्या बताकर समाधान की मांग कर रहे हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। मंगलवार काे दोनों अधिकारियों ने अपने फोन भी स्विच ऑफ कर रखें है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि दो दिन में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल ओम सिंह का कहना रहा कि दो सौ घरों की आबादी वाले गोपालसर गांव के 50 घर की पेयजल आपूर्ति शिव मंदिर में बनी टंकी से होती है। लेकिन इस टंकी पर कार्यरत निजी कर्मचारी ने पिछले 15 दिनों से जानबूझकर पानी देना बंद कर दिया। इस कारण पानी की समस्या बनी हुई है।
जलदाय विभाग के अभियंताओं को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ऐसे में 50 से अधिक परिवाराें को पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। प्रदर्शन में श्याम सिंह, जगदीश सुथार, कानसिंह, बजरंग सिंह, राजू सुथार, सुरेन्द्र सिंह, रामकिशन बुड़िया आदि शामिल थे।




No comments