तारबंदी ने सुरक्षित की फसलें, किसान जगदीश को मिली राहत की सब्सिडी l
बीकानेर, 9 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गिरदावर सर्कल्स पर आयोजित हो रहे ग्राम उत्थान शिविर किसानों के लिए लाभदायक रहे हैं। ऐसा ही दृश्य श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत उपनी में सोमवार को देखने को मिला। यहां आयोजित ग्राम उत्थान शिविर के समापन पर किसान जगदीश पुत्र भंवरलाल मेघवाल के चेहरे पर खुशी थी। यह खुशी इसलिए थी, क्योंकि जगदीश को राज्य सरकार की तारबंदी योजना के तहत अपने खेतों के चारों ओर तारबंदी करने पर 40 हजार रुपए के अनुदान की राशि मिली। तारबंदी योजना में अनुदान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा एवं राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। जगदीश को पहले फसल को आवारा जानवरों से बचाने के लिए रातभर जागकर खेतों की सुरक्षा करनी पड़ती थी या खुद के पैसे खर्च कर रखवाली करवानी पड़ती थी। जगदीश ने कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से तारबंदी योजना के तहत सब्सिडी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन करने के बाद उनके खातेदारी के खेतों के खसरा नंबर का प्री-वेरिफिकेशन हुआ और तारबंदी योजना के तहत अनुदान की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई। प्रशासनिक स्वीकृति के बाद दोनों ने अपने खातेदारी के खेतों के चारों ओर तारबंदी का कार्य करवाया। तारबंदी का कार्य पूरा होने के बाद वित्तीय स्वीकृति के आदेश जारी हुए और उन्हें सब्सिडी राशि मिली। खेत की तारबंदी होने के बाद जगदीश को अब आवारा पशुओं द्वारा फसल नष्ट किए जाने और खेतों की रखवाली की चिंता नहीं करनी पड़ती उनकी फसल सुरक्षित हो गई है। सहायक निदेशक (उद्यान) मुकेश गहलोत ने बताया कि तारबंदी योजना के तहत किसानों का लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 40 हजार रुपए तथा लघु व सीमांत किसानों को 48 हजार रुपए अनुदान देय है। ग्राम उत्थान शिविर मे सहायक कृषि अधिकारी संदीप, कृषि पर्यवेक्षक राजकुमार व बनवारी लाल सैनी वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक उद्यान व प्रगतिशील किसान उपस्थित रहें।




No comments