ब्रेकिंग न्यूज़

प्रधानमंत्री जी के ‘मिशन लाइफ’ के संदेश से प्रेरित होकर राउमावि आईजीएनपी कॉलोनी की छात्राओं ने लिया पानी बचाने का संकल्प l

बीकानेर, 3 नवंबर 2026। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर में मंगलवार को ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का दूसरा दिन जल संरक्षण को समर्पित रहा। छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से समझाया कि रोजमर्रा के कामों में पानी की बचत कैसे की जा सकती है। उन्होंने इन उपायों को घर और विद्यालय में अपनाने का संकल्प लिया।
एक पोस्टर के केंद्र में खुली हथेली पर टिकी पानी की बूंद थी और उसके भीतर पृथ्वी का चित्र था। आसपास बने चित्रों में ब्रश करते समय नल बंद रखने, टपकते नलों की मरम्मत कराने और गाड़ी धोने के लिए पाइप की जगह बाल्टी इस्तेमाल करने के उपाय दिखाए गए। एक चित्र में आरओ से निकलने वाले पानी को कपड़े धोने के काम में लेने का सुझाव भी दिया गया।
विद्यालय से घर तक जल संरक्षण
विभागीय कार्ययोजना में ‘जल बचाएँ’ विषय पर विद्यालय, कार्यालय, घर और ऑनलाइन माध्यम से भागीदारी के विकल्प दिए गए हैं। विद्यार्थी विद्यालय के पेयजल स्थल पर टपकते नल की जानकारी शिक्षक को दे सकते हैं। कार्यालय में कर्मचारी नलों और पाइपों की जाँच कर रिसाव ठीक करा सकते हैं। घर में विद्यार्थी परिवार के साथ मिलकर पानी बचाने की कोई एक आदत अपना सकते हैं। लघु वीडियो और वेबिनार के माध्यम से इन प्रयासों को साझा करने का विकल्प भी है।
जल बचाने की अपील
- ब्रश करते समय नल बंद रखें, हर दिन पानी बचाएँ।
- टपकता नल आज सँवारें, पानी की हर बूंद बचाएँ।
- पाइप छोड़ें, बाल्टी अपनाएँ, घर से जल बचाना शुरू करें।
बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में छात्राओं ने प्रस्तुत किया जनजातीय नृत्य
विद्यालय में बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार, 4 नवंबर को भोजन की बर्बादी रोकने और सतत खाद्य प्रणालियाँ अपनाने पर गतिविधियाँ प्रस्तावित हैं।
दूसरे दिन की सभी गतिविधियाँ कार्यक्रम प्रभारी मनिता एवं सहायक प्रभारी रजनी गुर्जर के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखने में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास का महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा।
कार्यक्रम में उपप्राचार्य वंदना राठौड़, रचना भांभरी, प्रीतम रांकावत, मनीष विधानी, मंजुल मुकुल वर्मा, पवन नायक, राजबाला चौधरी, सीमा साहू और शशांक मिश्रा सहित विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य शामिल रहे।

No comments