डूंगर काॅलेज में तीन नये विषय प्रारम्भ ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने किया
बीकानेर 29 जनवरी। सम्भाग के सबसे बड़े राजकीय डूंगर महाविद्यालय में जैनोलोजी, गृह विज्ञान एवं संगीत सहित तीन नये विषयों को चालू किया गया है।
प्राचार्य डाॅ. जी.पी.सिंह ने बताया कि शनिवार को ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने इन विषयों को खोले जाने की विधिवत घोषणा की। कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्राचार्य डाॅ. सिंह ने विषय प्रवर्तन करते हुए कहा कि लम्बे समये से विद्यार्थियों के द्वारा इन विषयों के खोले जाने की मांग की जाती रही है जिसे भंवर सिंह भाटी के अथक प्रयासों से खोल दिया गया है।
मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने तीनों विषयों की विधिवत घोषणा करते हुए कहा कि इन विषयों के खुलने से बीकानेर संभाग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में और अवसर सुलभ होगें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के तीन वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में 123 नये राजकीय महाविद्यालय खोले गये हैं जिनमें से 32 कन्या महाविद्यालय हैं।
उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को उच्च शिक्षा में और बेहतर अवसर मिल सकेगें। भाटी ने बताया कि बज्जू तथा डूंगरगढ़ महाविद्यालय के लिये छह-छह करोड़ की राशि भवन निर्माण हेतु जारी कर दी गयी है तथा शेष नवीन महाविद्यालयों में भी शीघ्र ही भवन निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण कर दी जावेगी।




No comments