चानी–चानी फांटा मार्ग पर बजरी बनी हादसों का कारण, हर पल फिसलने का खतरा माइंस से निकलने वाले भारी वाहनों से सड़क पर फैल रही बजरी l
गजनेर । चानी से चानी फांटा हाईवे की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर फैली बजरी राहगीरों, विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों के लिए लगातार परेशानी और दुर्घटना का कारण बन रही है। सड़क पर दिनभर बजरी से भरे ट्रेलर, ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं, जिनसे गिरने वाली बजरी पूरे मार्ग पर बिखर जाती है। इससे सड़क की सतह फिसलनभरी हो जाती है और हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
इस मार्ग पर कई बजरी माइंस संचालित हैं, जहां से बड़ी संख्या में वाहन लोड होकर निकलते हैं। बरसात के दिनों में अथवा धूल रोकने के लिए सड़क पर पानी के टैंकरों से छिड़काव किए जाने के बाद बजरी और अधिक फिसलन पैदा कर देती है। ऐसे में दुपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
सबसे अधिक परेशानी रात के समय होती है। सामने से बड़े वाहन आने पर दुपहिया चालकों को सड़क के किनारे जाना पड़ता है, लेकिन दोनों ओर जमी बजरी के कारण वाहन नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहन फिसलने की स्थिति बन जाती है, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित माइंस संचालकों और प्रशासन को सड़क पर फैली बजरी की नियमित सफाई करानी चाहिए। साथ ही सड़क के दोनों किनारों पर जमी बजरी को भी हटाया जाए, ताकि वाहन सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकें। चूंकि यह मार्ग सीधे हाईवे से जुड़ा हुआ है और दिनभर भारी यातायात रहता है, इसलिए समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।




No comments