मनुज साहित्य-सम्मान डॉ. दइया को अर्पित किया गया
बीकानेर, 10 अक्टूबर (सिटी एक्स्प्रेस न्यूज़)। प्रसिद्ध आलोचक कवि डॉ. नीरज दइया को उनकी लम्बी साहित्यिक सेवाओं के लिए नगर-श्री चूरू के प्रांगण में डॉ. ओपी शर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा मनुज साहित्य-सम्मान 2020 अर्पित किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें सम्मान-पत्र, शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिह्न एवं ग्यारह हजार रुपये भेंट किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए साहित्यकार डॉ. सुरेन्द्र सोनी ने कहा कि स्मृति को संरक्षित रखना भारतीयों के इतिहास बोध का परिचायक है तथा पिता की स्मृति को साहित्यकारों का सम्मान करके अमिट बनाए रखना समाज में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है। इस अवसर पर सम्मानित साहित्यकार डॉ. नीरज दइया ने कहा कि साहित्यिक अभिरूचि पैदा करने के लिए साहित्यकारों और संस्थाओं के ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि हम सबको मिल कर मायड़ भाषा राजस्थानी के गौरव को बढाने के कार्य करने चाहिए।कार्यक्रम में साहित्यकार डॉ. आईदानसिंह भाटी एवं डॉ. चेतन स्वामी को भी साहित्य सम्मान से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर साहित्यकार मधुकर गौड़ की पत्नी पानादेवी गौड़, श्यामसुंदर शर्मा, डॉ. सुरेन्द्र शर्मा, राजेन्द्र शर्मा मुसाफिऱ,विनोद मेहता, जितेन्द्र मेहता, रविन्द्र शर्मा, एडवोकेट सुरेश शर्मा, ओमप्रकाश तंवर, दुलाराम सहारण, विजयकान्त शर्मा आदि उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत स्नेहलता शर्मा ने तथा संचालन प्रो. कमलसिंह कोठारी ने किया। कार्यक्रम में ट्रस्टी रविन्द्र शर्मा ने आभार व्यक्त किया।




No comments