मां करणी की ओरण परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब
बीकानेर। देशनोक स्थित मां करणी की ओरण परिक्रमा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ऐसी मान्यता है कि मनोकामना पूर्ण होने तथा ओरण के अस्तित्व को बचाने के उद्देश्य से हर साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी के अवसर पर 12 कोस की परिधि क्षेत्र में फैली इस ओरण की परिक्रमा लगाते है।अलसुबह देशनोक स्थित मां करणी मंदिर में महाआरती व महाजोत के दर्शनों के बाद माता के जयकारों के साथ शुरू हुई ओरण परिकर्मा दिनभर जारी रही। इस दौरान लोगों के हाथों में माता की ध्वजाएं व मुंह पर जयकारों से सारा ओरण परिसर गुंजायमान हो गया। ओरण परिक्रमा के दौरान उमड़ी लोगों की भीड़ के चलते मार्ग में पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था की गई थी। पुलिस के जवान चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद नजर आए। वहीं ओरण परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में जगह-जगह पर चाय, नाश्ता, भोजन व मेडिकल सेवा जैसे शिविर नजर आए। बता दें कि कोरोना की वजह से पिछले वर्ष मां करणी की ऐतिहासिक व धार्मिक ओरण की परिक्रमा नहीं हो पाई थी। ऐसी स्थिति में मौसम की परवाह किए बगैर मां के भक्त कल रात से ही देशनोक पहुंचने शुरू हो गए थे।




No comments