ब्रेकिंग न्यूज़

रोटी देने गए बुजुर्ग को सांड ने पैरों तले रौंदकर मारा, दो घंटे तक कॉलोनी में रही दहशत

 

सीकर. राजस्थान के सीकर शहर में रविवार सुबह एक सांड ने एक बुजुर्ग को दर्दनाक तरीके से रौंदते हुए उसकी जान ले ली। पिपराली रोड स्थित जाट कॉलोनी में बुजुर्ग रूपचंद पुत्र खानाराम पंजाबी अल सुबह एक खाली प्लॉट में सांड को रोटी देने गया था। 

इसी दौरान गुस्साए सांड ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बुजुर्ग को गिराकर सांड ने पैरों से बार बार रौंदकर जान ले ली। आवाज सुन परिजन व नजदीकी लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से बुजुर्ग को सांड के चंगुल से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, तब तक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। एएसआई नरेश ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने की कवायद की जा रही है।

रात से उड़ा रखी थी नींद, सुबह मचाई दहशत सांड ने कॉलोनी वासियों की नींद रात से ही उड़ा रखी थी। कॉलोनी की सुमन भानुका ने बताया कि सांड पागल हो गया था। जो रातभर जोर जोर से रंभा रहा था। सुबह बुजुर्ग पर हमले के बाद तो कॉलोनी में दहशत मच गई। लोग दरवाजे बंद कर घरों में कैद हो गए।

चारों तरफ बिखरा खून, छतों पर लगी भीड़ खूंखार सांड का हमला बेहद दर्दनाक था। इसकी गवाही वहां मौजूद खून के छींटे दे रहे थे। जो चारों ओर बिखर गए। घटना के बाद दहशत में आकर घरों में कैद हुए लोग छतों पर खड़े हो गए। जो सांड होने पर राहगिरों को भी गली में आने से रोकते रहे।
दो घंटे बाद पहुंची मदद घटना के बाद कॉलोनी के लोग प्रशासन की मदद के लिए इधर- उधर फोन घुमाते रहे। बाद में उद्योग नगर थाना में फोन करने पर करीब दो घंटे बाद पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जिसने सांड को बेहोश कर कॉलोनी से उठाया।
लोगों ने जताया आक्रोश इस दौरान कॉलोनी के लोगों ने शहर में घूमते आवारा पशुओं को लेकर फिर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। लोगों का कहना था कि आवारा पशुओं से कई जानें जाने के बाद भी प्रशासन अब तक मामले में गंभीर नहीं हुआ है। मांग की कि नगर परिषद को जल्द ही मामले में उचित कदम उठाना चाहिए।








No comments