ब्रेकिंग न्यूज़

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभागनवनियुक्त प्रवर्तन निरीक्षकों का 5 दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम सोमवार से हुआ प्रारम्भ


जयपुर, 03 जनवरी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में नवनियुक्त प्रवर्तन निरीक्षकों के 5 दिवसीय संस्थागत प्रशिक्षण के प्रबोधन कार्यक्रम का आज सोमवार को शुभारम्भ किया गया। 
कार्यक्रम में विभाग के शासन सचिव श्री नवीन जैन ने सभी नवनियुक्त प्रवर्तन निरीक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि बदलती तकनीक के साथ कार्यशैली में भी तकनीक का समावेश किया जाना जरूरी है। 
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को प्रभावी रूप से पूर्ण करने के लिए समस्या के समाधान को लक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस जोश, उमंग और उत्साह के साथ आप सभी यहां तक पहुंचे हैं, उसी उत्साह के साथ फील्ड में भी अपने कार्यों को सम्पादित करें। 
विभाग के अतिरिक्त खाद्य आयुक्त श्री अनिल कुमार अग्रवाल ने नवनियुक्तों को विभाग का इतिहास, उद्देश्य, दायित्व, विभागीय व्यवस्थाओं, योजनाओं एवं नवाचारों की विस्तार से जानकारी दी। 
नवनियुक्त प्रवर्तन निरीक्षकों के लिए 3 से 7 जनवरी तक आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं व विशेषज्ञों द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, पोस मशीन संचालन की प्रक्रिया, विभागीय वैबसाइट का परिचय, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019,
बायोडीजल, विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 जैसी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। साथ ही भौतिक निरीक्षण के लिए फील्ड विजिट भी करवाई जाएगी। 


-----

No comments