ब्रेकिंग न्यूज़

नगर की संस्थाओं ने किया वरिष्ठ रंगकर्मी बी.एल.नवीन का अभिनंदन।

उमेश कुमार मोदी/city express news/बीकानेर
बीकानेर 17 जून । नगर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा वरिष्ठ रंगकर्मी बी.एल.नवीन के निवास पर उनका भावभीना अभिनंदन किया गया । नवीन को माल्यार्पण, शॉल, दुपट्टा ओढ़ाकर उनकी रंगकर्म सेवाओं की चर्चा की गई ।
  जेतारण के अति.जिला एवं सेशन न्यायाधीश देवकुमार खत्री के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में शब्दरंग साहित्य एवं कला संस्थान के संयोजक अशफ़ाक कादरी ने कहा कि बीकानेर में 1938 में जन्मे बी.एल.नवीन 1960 से रंगकर्म के क्षेत्र में सक्रिय रहे है । नवीन को उनके सशक्त अभिनय के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार मिले हैं । 
नवकिरण प्रकाशन के अध्यक्ष व्यंग्यकार डॉ.अजय जोशी ने कहा कि नवीन बीकानेर की रंगयात्रा और इतिहास के साक्षी हैं जिनके अनुभवों को साझा करने की आवश्यकता है । प्रेरणा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष प्रेमनारायण व्यास ने कहा कि नवीन जी बीकानेर की कला संस्कृति और नाट्यकर्म की महान विभूति है । 
शब्दरंग के सचिव राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि नवीन जी रंगकर्म के क्षेत्र में अभिनय के साथ अच्छे गायक भी है । कार्यक्रम में अभिनंदन से अभिभूत वरिष्ठ रंगकर्मी बी.एल.नवीन ने अपनी रंगकर्म यात्रा को साझा करते हुए कहा कि 1955 में अभिनय सम्राट पृथ्वीराज कपूर साहब अपने दल के साथ बीकानेर पधारे थे । 
उन्होंने गंगा थियेटर में अपने 5 मशहूर नाटक मंचित किए थे । मैंने भी सोचा कि एक दिन मैं भी नाटकों में अभिनय करूंगा । 1960 से मैने नेशनल थियेटर से नाटकों में अभिनय शुरू किया । 50 साल अनेक संस्थाओं में काम किया । बीकानेर में मुझे जो प्यार और सम्मान मिला वह मेरे लिए बहुत बड़ी पूंजी है ।

No comments