प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने फिर एक बार आमजन को राहत देने के उद्देश्य से सर्वहितकारी बजट पेश किया: टीकाराम जूली।
उमेश कुमार मोदी। सिटी एक्सप्रेस न्यूज।अलवर।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने फिर एक बार आमजन को राहत देने के उद्देश्य से सर्वहितकारी बजट पेश किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट निश्चित तौर पर प्रदेश की जनता को विकास की एक नई गति देगा। मंत्री जूली शनिवार को एक निजी होटल में आयोजित कांग्रेस कमेटी की जिला स्तरीय कार्यशाला में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र के अपने पूंजीपति मित्रों की तिजोरी भरने वाले बजट के बिल्कुल विपरीत राज्य सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला, वृद्ध एवं विद्यार्थियों पर विशेष फोकस करते हुए बजट को सारगर्भित बनाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री गहलोत का अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को बजट में विशेष तरजीह देने पर आभार जताते हुए कहा कि अब कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ का ध्येय पूरा हो रहा है। अब महिलाओं को रसोई चलाने के लिए केवल 500 रुपये में सिलेण्डर मिलेगा, खाद्य सुरक्षा में गेहूं के साथ दाल, चीनी जरूरतमंदों को संबल देगी, चिरंजीवी बीमा योजना की राशि 25 लाख, दुर्घटना बीमा योजना की राशि 10 लाख, पेंशन 1 हजार रुपये तथा कोरोना में अनाथ हुए परिवार को सरकारी नौकरी जैसे नायाब तोहफे से प्रदेश में खुशी की लहर है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट तौर पर संदेश देते हुए कहा कि अलवर जिले की 11 विधानसभाओं में एकजुटता का परिचय देते हुए मिशन 2023 की सफलता के लिए पूरी कर्मठता के साथ कार्य करे, वहीं राज्य सरकार की योजनाओं का जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाना भी सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, मेवात विकास बोर्ड जुबेर खान, पीसीसी सदस्य ललित यादव, घुमन्तू बोर्ड की अध्यक्ष उर्मिला योगी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी, कृष्णमुरारी गंगावत, दीनबंधु शर्मा, अजीत यादव, संजीव बारेठ, विनोद कुमारी सांगवान सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।




No comments