जय बाबा बालाजी धाम में श्री हनुमान जन्मोत्सव पर बही संगीत सरिता दृढ़ विश्वास व शुद्ध भाव हों तो मिलते है हनुमानजी : महाराज छगनदास।
जयपुर ( वि. सू. ) आञ्जनेय कुंज स्थित जय बाबा बालाजी धाम में 6 अप्रेल गुरुवार को धाम के अधिष्ठाता स्वामी महाराज छगनदासजी के सानिध्य में शोभा यात्रा के साथ बग्घी पर सवार हनुमानजी का जन्मोत्सव पूजा, अर्चना, आरती, भक्ति संगीत संध्या, सचेतन झांकियों व नृत्यों के साथ उनके सैंकडों भक्तों द्वारा बड़े ही धूमधाम से मनाया गया । महाराज छगनदासजी ने श्रीबालाजी के समक्ष भक्तों की अर्जी लगवाते हुए कहा कि जो हनुमानजी को श्रद्धा से अपना इष्ट देव मानते हैं तथा दृढ़ विश्वास व शुद्ध भाव से उनकी पूजा करते हैं, हनुमानजी सदैव उनकी रक्षा करते हैं तथा उन्हें किसी न किसी रूप में मिलते भी हैं ।
यह जानकारी देते हुए अंजनी के लाल पवनपुत्र हनुमानजी की सेवा के प्रति समर्पित समाजसेवी एडवोकेट राजेन्द्र मोदी - रायमलाणी ने बताया कि इससे पूर्व बुधवार मध्य रात्रि हनुमानजी महाराज के विग्रह का सहस्त्र धाराभिषेक कर 108 औषधि द्रव्यों से व योगनगरी ऋषिकेश से लाए गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक किया गया,सौंदर्यीकरण का कार्य संपन्न कर आकर्षक प्रतिमा का श्रृंगार किया गया जहां विद्वान पंडित मनोज भारद्वाज के साथ 11 पंडितों द्वारा हनुमान चालीसा के 1100 पाठ संपन्न कर भक्तों के साथ श्रीमती मनोहरी देवी व छगनदासजी महाराज ने महायज्ञ में 1100 आहुति देकर समस्त भारतीयों की समृद्धि व विश्व कल्याण की कामना की, हजारों भक्तों ने दिन भर जय बाबा बालाजी धाम में महाराजश्री के आशिर्वाद के साथ इस चमत्कारिक प्रतिमा के दर्शन लाभ लिये ।
इस अवसर पर धाम के युवाचार्य दीपेश मोदी ने महाराजश्री की आज्ञा से बताया कि अधिकतर लोग हनुमान जयंती मनाते है, जबकि जयंती उनकी मनाई जाती है जो आज संसार में नहीं है, हनुमानजी तो कल भी थे, आज भी हैं और चिर काल तक रहेंगे, इसलिए भक्तगण हनुमान जन्मोत्सव ही मनाते हैं । इस अवसर पर परम् भक्त श्यामसुंदर जांगिड़ व परम् भक्त दीवानजी सोनी ने बालाजी के समक्ष सपरिवार सवामणि का प्रसाद चढ़ाकर इसे श्रद्धालुओं में वितरित किया । मां गायत्री के उपासक किशनलाल खत्री ने बताया कि गायत्री की उपासना से राम नाम में हमारी बुद्धि स्थिर होती है, उन्होंने राम नाम को महामंत्र बताया । इस अवसर पर समाजसेवी दीवानजी सोनी, श्रीमती कंचन जांगिड़, श्रीमती पूनम सिंह, सादुलपुर से मुश्ताक, सुरेश सिकलीगर, नोखा से भवानीशंकर सुमन, कोटा से आशीष, गजानंद सोनी, इंदौर से मंजू शर्मा - दीपक शर्मा, सूरत से नीतू सुरेश मोदी, जयपुर से नम्रता भरत खत्री, सुलेखा शर्मा, विजया खत्री, योगिता मोदी, सुभाष सोनी आदि गणमान्य लोग सपरिवार उपस्थित रहे ।




No comments