ब्रेकिंग न्यूज़

हिंदू सम्मेलन एवं महाआरती को लेकर शिवबाड़ी व कांता खतुरिया कॉलोनी में उत्साह, आमंत्रण पत्र एवं बैनर का हुआ विमोचन l

बीकानेर।आगामी 1 फरवरी 2026, रविवार (माघ शुक्ल पूर्णिमा) को नीलकंठ मैरिज गार्डन, लालेश्वर महादेव मंदिर के सामने, शिवबाड़ी में आयोजित होने जा रहे हिंदू सम्मेलन एवं महाआरती को लेकर समाज के सभी वर्गों में उत्साह का वातावरण व्याप्त है। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के तहत शिवबाड़ी एवं कांता खतुरिया कॉलोनी के विभिन्न स्थानों पर आमंत्रण पत्र एवं बैनर का विधिवत विमोचन किया गया।
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन कांता खतुरिया कॉलोनी एवं शिवबाड़ी बस्ती का संयुक्त सम्मेलन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी एवं धर्मप्रेमी नागरिक सहभागिता करेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत दोपहर से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक राधेश्याम जी जावा द्वारा संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात सायंकाल भगवान श्रीराम की भव्य महाआरती संपन्न होगी, जिसमें श्रद्धालु सामूहिक रूप से सहभागिता करेंगे।
इस पावन अवसर पर श्री विमर्शानंदगिरि जी महाराज, महंत  लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवबाड़ी का दिव्य एवं पावन सानिध्य प्राप्त होगा, जिससे आयोजन की गरिमा और आध्यात्मिक महत्त्व और अधिक बढ़ेगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में उद्बोधन, पूजन एवं प्रसादी वितरण भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है तथा घर-घर जाकर आमंत्रण दिया जा रहा है।
आयोजक समिति ने समस्त सनातन धर्मावलंबियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर हिंदू सम्मेलन एवं महाआरती को सफल बनाएं और धर्म-संस्कृति के इस पावन आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

No comments