विकसित राजस्थान की कार्ययोजना को मूर्त रूप देने वाला लोककल्याणकारी एवं सर्वसमावेशी बजट: श्री मेघवाल l
बीकानेर, 11 फरवरी। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने राजस्थान बजट 2026-27 को विकसित राजस्थान की कार्ययोजना को मूर्त रूप देने वाला लोककल्याणकारी एवं सर्वसमावेशी बजट बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व तथा उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत बजट पर राज्य सरकार को बधाई दी।
श्री मेघवाल ने कहा कि यह बजट विकसित भारत में विकसित राजस्थान की प्रभावशाली भूमिका सुनिश्चित करने वाला है और डबल इंजन सरकार की जनसेवा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के सशक्तीकरण, किसानों की समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत आधारभूत ढांचे की दिशा में यह बजट दूरदर्शी कदम है।
उन्होंने बताया कि बजट में बीकानेर क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। बीकानेर व जैसलमेर में ₹2900 करोड़ की लागत से 4830 मेगावॉट क्षमता के सौर पार्क विकसित किए जाएंगे, जिससे मरु क्षेत्र में ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। लगभग ₹280 करोड़ की लागत से पन्नालाल बारूपाल, कोलायत, कंवरसेन लिफ्ट नहर प्रणाली, आईजीएनपी और बरसलपुर शाखा के जीर्णोद्धार व आधुनिकीकरण कार्य होंगे।
थार सांस्कृतिक सर्किट के निर्माण से बीकानेर की कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान मिलेगी। कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान से शहर में फाटकों की समस्या के समाधान की दिशा में राहत मिलेगी। पीबीएम अस्पताल में इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण और मरीजों व परिजनों के लिए आधुनिक विश्रामगृह की स्थापना का प्रावधान भी किया गया है।
देशनोक में 24x7 पेयजल व्यवस्था तथा बीकानेर सहित अन्य जिलों में जलापूर्ति के लिए ₹750 करोड़ की घोषणा को उन्होंने ऐतिहासिक सौगात बताया।
श्री मेघवाल ने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में राजस्थान और बीकानेर विकास के नए प्रतिमान स्थापित करेंगे।




No comments