ब्रेकिंग न्यूज़

तीन स्थानों पर कथा प्रधान रम्मतें, डांडिया नृत्य व मंदिरों में फागो उत्सव l

बीकानेर, 01 मार्च। आचार्यों के चौक में श्री चामुण्डा भैरव कला संस्थान की ओर से वीर रस व श्रृंगार रस की ’’अमर सिंह राठौड़ की’’, मरुनायक कला केन्द्र की ओर से मरुनायक चौक में श्रृंगार, हास्य व विनोद रस प्रधान ’’हेड़ाऊ महेरी’’ की तथा बारह गुवाड़ में कथानक प्रधान ’’नौटंकी शहजादी’’ रम्मत प्रस्तुत की गई। मरुनायक चौक में शनिवार रात को डांडिया नृत्य हुआ। अनेक मंदिरों  में भक्ति संगीत के साथ फाल्गुनोत्सव मनाया गया।आचार्यों के चौक में हुई रम्मत में नागौर के राजा अमर सिंह की वीरता, उसके साथ हुए धोखे का वर्णन किया गया। वहीं मरुनायक चौक में कुंभलनेर, कटारगढ़ के राजा रानी के घरेलू किस्सों को गीतों, नृत्यों तथा चुटीले संवादों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। बारह गुवाड़ में हुई नौटंकी शहजादी रम्मत में देवर की ओर से भाभी को ताना देने के बाद उसे विवाह कर लाने का वर्णन संवादों, गीत, लावणी के माध्यम से किया गया। रम्मत स्थल पर बरसाने की होली का उत्सव मनाया गया। जिसमें भगवान कृष्ण व राधा की लीलाओं की नृत्य व गीतों के साथ  प्रस्तुति दी गई। 

No comments