सुजानदेसर में विकसित होगा सिटी फोरेस्ट, एसटीपी से शोधित पानी का होगा सदुपयोगजिला कलक्टर के निर्देश पर यूआईटी ने तैयार की डीपीआर
बीकानेर, 26 मई। सुजानदेसर स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट द्वारा शोधित पानी से अब सुजानदेसर की सरकारी भूमि को सिटी फोरेस्ट के रूप में विकसित किया जाएगा।
जिला कलक्टर एवं नगर विकास न्यास अध्यक्ष भगवती प्रसाद कलाल के निर्देशों की अनुपालना में नगर विकास न्यास द्वारा इसकी डीपीआर तैयार कर दी गई है।
जिला कलक्टर ने बताया कि सुजानदेसर के 20 एमएलडी क्षमता के प्लांट द्वारा शोधित लाखों लीटर पानी के भंडारण की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वर्तमान में यह पानी गोचर भूमि में छोड़ना पड़ता है। इससे शोधित पानी का कोई उपयोग नहीं पाता।
उन्होंने बताया कि प्लांट के आसपास सैकड़ों बीघा सरकारी भूमि है। इस पानी का उपयोग करके इसे हरा-भरा बनाया जाएगा। पहले चरण में चार बीघा के लिए डीपीआर तैयार करवा दी गई है। यहां एरिड जोन में लगने वाले पौधे लगाए जाएंगे तथा नालियां बनाकर इन पौधों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
यहां सघन पौधारोपण करवाया जाएगा। इसके लिए गढ्ढे खुदवाने सहित प्रारम्भिक तैयारी न्यास द्वारा जल्दी ही शुरू कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिला कलक्टर ने गत दिनों सुजानदेसर के इस सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया था।
इस दौरान न्यास सचिव नरेन्द्र सिंह पुरोहित सहित अन्य अधिकारी साथ रहे। उन्होंने शोधित पानी के उपयोग संबंधी जानकारी ली, तो यह सामने आया कि इस पानी का कोई उपयोग नहीं हो रहा है। इसके मद्देनजर उन्होंने यह निर्देश दिए।




No comments