राज्य स्तरीय पशु मेलाः आयोजित हुई विभिन्न गतिविधियां l
बीकानेर, 9 फरवरी। जिला प्रशासन तथा पशुपालन विभाग द्वारा लूणकरणसर में आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय पशु मेले के तीसरे दिन सोमवार को विभिन्न गतिविधियां हुई।पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. बीरमाराम चौधरी ने बताया कि दस बजे से योग शिविर के साथ इनकी शुरूआत हुई। इस दौरान सभी ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक श्री प्रदीप गोदारा ने पशुपालकों सहित लूणकरणसर के 6 विद्यालयों के लगभग दो सौ से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न योग आसन करवाए और उनकी उपयोगिता बताई।
पशुपालकों और ग्रामीणों के लिए मेहंदी, रंगोली और साफा बंधन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पशु पालक संवाद कार्यक्रम भी हुआ। इसमें वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ दीनू खान ने पशुओं की मौसमी बीमारियों और पशु आहार प्रबंधन की जानकारी दी और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। डॉ. राजेश स्वामी, डॉ. सुभाष घारू और डॉ. वेद प्रकाश ने संवाद कार्यक्रम में पशुपालकों से जुड़ी जानकारी दी।
मेला अध्यक्ष तथा उपखण्ड अधिकारी श्री दयानंद रुयल और मेला सचिव डॉ बीरमा राम द्वारा मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और इसमें अधिक से अधिक पशुपालकों की भागीदारी का आह्वान किया। पशुपालकों की सुविधा के लिए पशु इलाज की समुचित व्यवस्था मेला स्थल पर की गई है। पशु चिकित्सा शिविर के माध्यम से बीमार पशुओं की जाँच कर उनका उपचार किया जा रहा है।




No comments