तनाव से सिर्फ परेशानी मिलती है ,खैरीवाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीनासर में आयोजित हुआ आशीर्वाद समारोह l
गंगाशहर, 9 फरवरी। प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) राजस्थान के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने कहा कि तनाव या डिप्रेशन हमें तो परेशान करते ही हैं, हमारे से जुड़े हुए अन्य जनों को भी दिक्कत देता है। इसलिए हमें जीवन के हर काम को खुशी के साथ करना चाहिए। हमेशा हमारे चेहरे मुस्कुराहट के साथ खिले रहने चाहिए। खैरीवाल ने यह बात मुख्य वक्ता के रूप में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीनासर के कक्षा - 10 वीं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल द्वारा आयोजित आशीर्वाद समारोह में संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं पूरे आनन्द के साथ देनी चाहिए। खैरीवाल ने कहा कि एकाग्रता जीवन का अभिन्न हिस्सा है, इसलिए प्रत्येक कार्य को एकाग्रचित होकर करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को कहा कि ग्यारहवीं कक्षा में अपने मनपसंद के विषय ही लेने चाहिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य कैलाश चंद्र शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। अपना आत्मविश्वास बनाए रखते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। विशिष्ट अतिथि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदासर दक्षिण के प्राचार्य मोहम्मद मूसा ने कहा कि पढ़ाई के साथ साथ अच्छा व्यक्ति भी बनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। संस्था प्रधान डॉ. करनीदान कच्छवाह ने स्वागत संबोधन के साथ साथ बच्चों की हौसला अफजाई की। तोलाराम मेघवाल ने आभार प्रकट किया। स्टाफ सदस्यों सुनील कुमार, दीपक रंगा, रजनीश मोदी ने भी विचार व्यक्त किए। कांतारानी, तनीषा, विपिन गौड़, सीमा चौहान आदि ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट किए। इस अवसर पर सभी स्टूडेंट्स को दो दो पेन दिए गये तथा सभी अतिथियों एवं स्टाफ ने श्रेष्ठतम प्रदर्शन हेतु आशीर्वाद दिया।




No comments