ब्रेकिंग न्यूज़

कोलायत की जन समस्याओं को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन , नागरिक सुविधाओं में सुधार की उठी मांग l

कोलायत। कोलायत कस्बे की विभिन्न जन समस्याओं के समाधान एवं नागरिक सुविधाओं के सुचारु संचालन को लेकर स्थानीय संगठन द्वारा प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया । जिसमे कस्बे के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, परिवहन तथा तीर्थयात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई है। मांग पत्र में प्रमुख रूप से सदर बाजार स्थित निजी बस स्टैंड के आसपास सुलभ शौचालय की व्यवस्था करने तथा कपिल सरोवर परिसर में बने शौचालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके अलावा कपिल सरोवर में स्नान के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वर्षों से सेवाएं दे रहे स्थानीय तैराक को स्थायी नियुक्ति देने का भी आग्रह किया गया है। शिक्षा व्यवस्था को लेकर राबाउमावि कोलायत के नए भवन से कक्षा 1 से 8 तक की छात्राओं की कक्षाएं पुनः पुराने भवन (डॉ. अंबेडकर सर्किल स्थित) में संचालित करने की मांग उठाई गई है, जिससे छोटी बालिकाओं को लंबी दूरी तय करने से राहत मिल सके। मांग पत्र में प्रस्तावित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय को कोलायत कस्बे में ही स्थापित करने, बढ़ती आबादी के अनुरूप पेयजल, विद्युत एवं स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार करने तथा राजकीय उप जिला अस्पताल में स्वीकृत पदों के अनुसार चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति करने की मांग भी की गई है। साथ ही सोनोग्राफी सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं प्रारंभ करने पर जोर दिया गया है।
ज्ञापन में झझू चौराहे पर लंबे समय से बनी गंदे पानी और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान करने, वृद्ध एवं असहाय गोवंश को स्थानीय गौशालाओं में संरक्षण दिलाने तथा अमावस्या एवं पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले तीर्थ स्नान के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था करने की मांग शामिल है।
इसके अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रिक्त पड़े पदों को भरने, कोलायत को रोडवेज बस सेवा से बेहतर तरीके से जोड़ने तथा बीकानेर आगार से कोलायत के लिए नियमित रोडवेज बसों का संचालन शुरू करने की मांग भी रखी गई है।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रतिनिधि मंडल में श्री हनुमान प्रसाद सांखी, भग्गाराम ढा़ल,भंवर सिंह राजपुरोहित, किशोर सिंह राठौड़,चतुर्भुज जोशी, जगदीश राजपुरोहित, रमन शर्मा,दाऊ दयाल पंचारिया, ओमप्रकाश गिरी, हनुमान गिरी, छत्रपति उपाध्याय, नरसी जी पंचारिया,किशोर पुरोहित, एडवोकेट कनिष्क मेघवाल सहित दर्जनों प्रबुद्ध कोलायत हितैषी नागरिक गण शामिल रहे।

No comments