गजनेर-खारी पेयजल लाइन पर जलदाय विभाग की बड़ी कार्रवाई, दर्जनभर से अधिक अवैध कनेक्शन काटे l
श्रीकोलायत। गजनेर से खारी गांव की ओर जाने वाली मुख्य पेयजल पाइपलाइन पर जलदाय विभाग ने अवैध कनेक्शनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए दर्जनभर से अधिक अवैध जल कनेक्शनों को हटाया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस जाब्ते की मौजूदगी रही, जिससे अवैध कनेक्शनधारकों में हड़कंप मच गया।
जलदाय विभाग की कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) हर्षा चौधरी ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि पेयजल आपूर्ति के दौरान अंतिम छोर पर स्थित उपभोक्ताओं तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। जांच में पाया गया कि आईपीएस पंपिंग स्टेशन से जुड़ी मुख्य पाइपलाइन पर बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन कर लिए गए थे, जिससे पानी का दबाव कम हो रहा था और जीएलआर टंकियों को भरने में भी अधिक समय लग रहा था।
इसी के चलते विभाग ने विशेष अभियान चलाकर मुख्य पाइपलाइन पर किए गए अवैध कनेक्शनों को हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान उपखंड अधिकारी राजेश कुमार नायक, एईएन जयपाल कुमावत, जलदाय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध कनेक्शनों के कारण नियमित जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और कई उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। कार्रवाई के बाद अब पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है तथा अंतिम छोर तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
जलदाय विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि मुख्य पाइपलाइन पर किए गए अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन लोगों ने अवैध रूप से कनेक्शन ले रखे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से भी जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।




No comments