अवकाश दिवसों में कार्य करवाने के विरोध में कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन l
कोलायत।राजस्थान कृषि पर्यवेक्षक, पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी संयुक्त समन्वय समिति जयपुर के बैनर तले कोलायत कार्यकारिणी द्वारा सोमवार को उपखंड अधिकारी कोलायत श्री राजेश नायक को राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिसमे कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में राज्य सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं ऑनलाइन कार्यों के कारण सरकारी कार्मिकों को शनिवार, रविवार सहित अन्य अवकाश दिवसों में भी लगातार कार्य करना पड़ रहा है। इसके विरोध में प्रदेश स्तर से लेकर विभिन्न तहसीलों तक कर्मचारी संगठनों द्वारा मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी व्यक्त की जा रही है।
कृषि पर्यवेक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष जगदीश ढाल ने बताया कि वर्ष 2008 में तत्कालीन राज्य सरकार ने कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिदिन कार्य के घंटे बढ़ाकर सप्ताह में कार्य दिवसों को घटाकर पांच दिवस किया था। लेकिन वर्तमान में कर्मचारियों से सप्ताह के सातों दिन कार्य लिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
ग्राम विकास अधिकारी संगठन के तहसील अध्यक्ष शक्तिशेखर सिंह तथा पटवार संघ के प्रतिनिधि रघुवीर सिंह ने कहा कि अवकाश के दिनों में भी लगातार कार्य आदेश जारी होने से कर्मचारी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। इससे उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है तथा कार्य की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कर्मचारी संगठनों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पूर्व की भांति सप्ताह में पांच कार्य दिवस व्यवस्था को धरातल पर पुनः बहाल किया जाए, ताकि कर्मचारियों को निर्धारित अवकाश मिल सके और वे बेहतर कार्य निष्पादन कर सकें। इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में डूंगरराम, शिवेंद्र सिंह, दुर्गाप्रसाद, रवींद्र बंजारा, धर्माराम, सुनील खिलेरी, रामकिशन कुमावत, मूलाराम जाखड़, किशनलाल बड़गुर्जर, लोकेश मीणा, राजेश बिश्नोई एवं गोविंद मेघवाल सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।




No comments